जशपुर,07 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क दुर्घटना में घायलों की समय पर मदद कर उनकी जान बचाने वाले दो गुड सेमेरिटन नागरिकों को जशपुर पुलिस ने सम्मानित किया। डीआर्इ जी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रियांश भगत और श्रवण कुमार भगत को प्रशस्ति पत्र एवं हेलमेट प्रदान किया। साथ ही केंद्र सरकार की ‘राह वीर योजना (गुड सेमेरिटन स्कीम) के तहत दोनों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी गई।पुलिस के अनुसार, प्रियांश भगत ने 10 फरवरी 2026 को ग्राम आटापाठ के पास सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं श्रवण कुमार भगत ने 31 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर हुई सड़क दुर्घटना में घायल दो लोगों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया।डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का ‘गोल्डन आवर बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान घायल को
समय पर उपचार मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं और अधिक से अधिक लोगों को दुर्घटना पीडि़तों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।जशपुर पुलिस ने बताया कि राह वीर योजना सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की पहल है, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले सद्भावी नागरिक को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन नागरिकों को कानून का संरक्षण प्राप्त है और उन्हें किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
०००


