गरियाबंद,07 जुलाईं (आरएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करण उके, उप पुलिस अधीक्षक लितेश सिंह और जिला परिवहन अधिकारी योगेश्वरी वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर (मधुमेह) और आंखों की जांच कराई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद लोगों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श और नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराईं।सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिविर में वाहन चालकों के लिए विशेष नेत्र परीक्षण भी किया गया। डॉक्टरों ने चालकों की दृष्टि क्षमता और कलर ब्लाइंडनेस की जांच की, ताकि वे सुरक्षित रूप से वाहन चला सकें और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।गरियाबंद पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित था। उन्हीं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और जनसेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। शिविर में शामिल नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस और परिवहन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
०००

