मुंगेली,07 जुलाईं (आरएनएस)। चुलमाटी कार्यक्रम के दौरान बैंड बजाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को मुंगेली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नुकीला चाकू भी बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, धनगांव (च) निवासी शिवदास पात्रे ने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 जून 2026 को वह अपनी बैंड पार्टी के साथ ग्राम हेडसपुर में आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब बैंड पार्टी वापस लौटने की तैयारी कर रही थी, तभी हेडसपुर निवासी महेंद्र जांगड़े (24) वहां पहुंचा और दोबारा बैंड बजाने की जिद करने लगा। मना करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे नुकीले चाकू से शिवराज पात्रे के पेट के दाहिने हिस्से में हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवराज को तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया।प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महेंद्र जांगड़े ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात के बाद उसने चाकू अपने घर के आंगन में मिट्टी के नीचे छिपा दिया था।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चाकू बरामद कर उसे जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रधान आरक्षक भानु प्रकाश सहारे, नवीन जांगड़े, उपनिरीक्षक भानुप्रताप बर्मन तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

