मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 07 जुलाईं (आरएनएस)। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजीराव ने मंगलवार को नव-निर्मित पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर, मोहला में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, बेसिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनोन्मुखी एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने रेंज के विभिन्न जिलों में किए जा रहे नवाचारों को आवश्यकता अनुसार अन्य जिलों में भी लागू करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी वाय.पी. सिंह, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा, पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई लक्ष्य शर्मा सहित रेंज के सभी राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान आईजी ने लंबित अपराधों एवं शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने, शहरी क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, सीएम हेल्पलाइन-1076 की शिकायतों का त्वरित समाधान, विवेचकों को सीसीटीएनएस प्रशिक्षण देने तथा नक्सल पीडि़त परिवारों की समस्याओं के संवेदनशील निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न जिलों की अभिनव पहल का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने ई-बीट सिस्टम, आधुनिक कंट्रोल रूम, नक्सल पुनर्वास केंद्र और पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर की कार्यप्रणाली प्रस्तुत की, जिसे पूरे रेंज में लागू करने के निर्देश दिए गए। राजनांदगांव पुलिस ने पहल अभियान, युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग एवं रीडिंग रूम, कोटवार-पुलिस मित्र नेटवर्क, ओआरटी रोस्टर सिस्टम और किशोर पंजी जैसी पहल की जानकारी दी। वहीं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की डिस्ट्रिक्ट प्रॉसिक्यूशन मॉनिटरिंग सेल और डिस्ट्रिक्ट साइबर सेल तथा कबीरधाम जिले की नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, पुलिस बैंक, पुलिस कैंटीन और प्ले स्कूल जैसी योजनाओं की भी आईजी ने सराहना की।
इस दौरान मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा तैयार डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक का विमोचन भी पुलिस महानिरीक्षक ने किया। उन्होंने इसे उपयोगी पहल बताते हुए रेंज के सभी जिलों को इसी प्रकार की प्रोफाइल बुक तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक के समापन के बाद रक्षित केंद्र, मोहला में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आईजी बालाजीराव, कलेक्टर तूलिका प्रजापति, विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों एवं अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। आईजी ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।
०





