० पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी का आह्वान
कोण्डागांव, 07 जुलाईं (आरएनएस)। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा जिले में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से वनमंडल कोण्डागांव द्वारा मंगलवार को जगदलपुर नाका चौक स्थित नि:शुल्क पौधा वितरण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का बोध कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने किया। उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का नागरिकों को नि:शुल्क वितरण कर सभी से अपने घर, आंगन, खेत, विद्यालय तथा सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
अपने उद्बोधन में विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष केवल ऑक्सीजन का स्रोत ही नहीं हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, जलवायु संतुलन तथा आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेकर उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करे। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए प्रत्येक परिवार को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने भी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि हरित वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न पर्यावरणीय अभियानों में आमजन की भागीदारी से ही जिले को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाया जा सकता है।
वनमंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा जिले में व्यापक स्तर पर पौधरोपण, नि:शुल्क पौधा वितरण एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क पौधा वितरण केंद्र के माध्यम से नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे अधिकाधिक लोग वृक्षारोपण अभियान से जुड़ सकें।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल, दीपेश अरोरा सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

