पटना,07 जुलाई(आरएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव दिलचस्प हो गया है। भाजपा ने यहां से अभिषेक कुमार को उतारा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मंगलवार को उनके नाम की घोषणा की। अभिषेक 9 जुलाई को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साझा उम्मीदवार के रूप पर नामांकन दाखिल करेंगे, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मौजूद रह सकते हैं। यह सीट नितिन नबीन के भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद खाली हुई है।
अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक सिन्हा बंटी कायस्थ जाति से हैं। वे नितिन नबीन के करीबी हैं और उनके अलग-अलग कार्यक्रमों को लेकर विधानसभा क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे हैं। अभिषेक अभी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वह पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने सामान्य भाजपा कार्यकर्ता से शुरूआत की थी और कई स्तर पर जिम्मेदारी संभाली। उनको बूथ, वार्ड, मंडल, महानगर और प्रदेश स्तर पर संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।
बांकीपुर कायस्थ बहुल सीट है। यहां से नितिन नबीन ने विधानसभा चुनाव जीता था, लेकिन भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद उनको राज्यसभा सांसद बनाया गया, जिससे यह सीट खाली हुई है। यहां से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने रेखा गुप्ता को उतारा है, जो कारोबारी और वैश्य समाज से हैं। जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर भी पहली बार यहां से चुनाव लड़ेंगे। 2025 चुनाव में जन सुराज की उम्मीदवार वंदना कुमारी को यहां केवल 7,000 वोट मिले थे।
चुनाव आयोग ने पिछले दिनों बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी, नामांकन 13 जुलाई तक होगा और 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जाएंगे। मतदान 30 जुलाई को होगा। वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

