मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 08 जुलाई (आरएनएस)। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाए जा रहे छह मवेशियों को मुक्त कराया है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मवेशियों और पिकअप वाहन सहित 7.73 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीतांबर पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों और मवेशी तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना अंबागढ़ चौकी प्रभारी अश्वनी राठौर और पाटनखास चौकी प्रभारी सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीतिक घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान रुपेश कुमार कुंजाम (22 वर्ष), निवासी ग्राम गोटाटोला, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव के रूप में बताई। आरोपी ने फरार चालक का नाम सुनील कुमार जुरेशिया तथा मवेशियों के मालिक का नाम पंचूराम साहू बताया, जो दोनों राजनांदगांव जिले के निवासी हैं।
वाहन क्रमांक रू॥ 27 ष्ठञ्ज 5780 की तलाशी लेने पर उसमें 4 भैंस और 2 पड़वा, कुल 6 मवेशी, अत्यंत क्रूरतापूर्वक भरे हुए मिले। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराकर वाहन सहित जब्त कर लिया।
जब्ती का विवरण
4 भैंस एवं 2 पड़वा (कुल 6 मवेशी) – अनुमानित कीमत 73 हजार रुपये
पिकअप वाहन – अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये
कुल जब्ती – 7.73 लाख रुपये
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। फरार आरोपी सुनील कुमार जुरेशिया और पशु स्वामी पंचूराम साहू की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना अंबागढ़ चौकी एवं पाटनखास चौकी की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने कहा है कि जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

