रायपुर, 08 जुलाई (आरएनएस)। पंडवानी की महान गायिका स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने के लिए रायपुर में आयोजित सांगीतिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने तीजन बाई के कला जगत में दिए गए अतुलनीय योगदान को नमन करते हुए उनके नाम पर पंडवानी क्षेत्र में राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति मंत्री ने तीजन बाई के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि तीजन बाई की स्मृतियों को सहेजने और उनकी विरासत को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।
इसी कड़ी में उन्होंने तीजन बाई के पैतृक गांव गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित करने की घोषणा की, ताकि यह स्थान लोककला और पंडवानी परंपरा का प्रमुख केंद्र बन सके।
संस्कृति मंत्री ने यह भी घोषणा की कि तीजन बाई द्वारा उपयोग किया गया ऐतिहासिक तंबूरा अब घासीदास संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग उनकी स्मृतियों, कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रयास करेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित कलाकारों, साहित्यकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी स्वर्गीय तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

