दिल्ली 08 Jully । टेक जगत में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली स्मार्टफोन निर्माता कंपनी रेडमी जल्द ही चीनी बाजार में अपनी बहुप्रतीक्षित और नई 5G स्मार्टफोन सीरीज पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी अपनी लोकप्रिय नोट सीरीज को आगे बढ़ाते हुए आगामी 14 जुलाई को घरेलू बाजार में नई नोट 17 सीरीज से आधिकारिक तौर पर पर्दा उठाएगी। लॉन्चिंग की तारीख की घोषणा करने के साथ ही कंपनी ने इन अपकमिंग डिवाइसेज का पहला आधिकारिक लुक भी जारी कर दिया है, जिसने टेक प्रेमियों और उपभोक्ताओं के बीच उत्सुकता को काफी बढ़ा दिया है। लीक हुई विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार सीरीज के एक प्रीमियम मॉडल में अब तक की सबसे दमदार 10,000 एमएएच की महाबैटरी और 200 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा देखने को मिल सकता है।
रेडमी नोट 17 सीरीज का बिल्कुल नया और प्रीमियम लुक
लॉन्च की तारीख के साथ ही सामने आई तस्वीरों से साफ है कि आगामी सीरीज के डिजाइन में कंपनी ने बड़ा बदलाव किया है। इस नए हैंडसेट के रियर पैनल को पूरी तरह से रीडिजाइन किया गया है, जिसमें आकर्षक फ्लैट साइड्स (किनारे) और ऊपरी-बाएं कोने पर एक रेक्टेंगुलर (आयतकार) कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। कंपनी ने इसके प्रो वेरिएंट के लिए एक बेहद खूबसूरत ‘स्काई ब्लू’ कलर ऑप्शन को टीज किया है, जो देखने में काफी प्रीमियम लुक देता है। कंपनी ने इस सीरीज को ‘बिना दाम बढ़ाए बड़े अपग्रेड’ के वादे के साथ प्रमोट किया है, जिसका मुख्य उद्देश्य पार्ट्स की बढ़ती कीमतों के बावजूद मिड-रेंज बजट में ग्राहकों को फ्लैगशिप जैसी खूबियां प्रदान करना है

