समस्तीपुर 08 Jully (Rns) । जिले के चेकमहेसी थाना अंतर्गत नामापुर दरियापार गांव में मंगलवार देर रात हुई गैंगवार की एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। अज्ञात बदमाशों ने फोन कर घर से बुलाए गए दो युवकों की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में हुई है।
फोन कॉल बना काल का ग्रास
मृतक प्रभात चौधरी के पिता संजय कुमार चौधरी ने बताया कि उनका बेटा रात में घर पर था तभी किसी अज्ञात का फोन आया। फोन आने के बाद प्रभात अपने तीन-चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो से बागमती नदी के नामापुर दरियापार घाट पर मिलने गया। चश्मदीदों के अनुसार, उस समय पास में ही आतिशबाजी हो रही थी जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने अंधेरे का लाभ लिया।
पुल के पास पहुंचते ही बदमाशों ने प्रभात पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। प्रभात के सिर में चार से पांच गोलियां लगीं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ गए बेलसंडी गांव निवासी सन्नी कुमार ने जब जान बचाकर भागने की कोशिश की तो हत्यारों ने उसे भी नहीं छोड़ा। उसे पीठ और पैर में गोली मारी गई, जिससे उसने भी दम तोड़ दिया।

