लखनऊ 08 Jully (Rns) . समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा, चंदा और दान चोरी के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण से देश की धार्मिक और आर्थिक विश्वसनीयता प्रभावित हुई है. इसका असर निवेशकों के भरोसे पर भी पड़ रहा है.
बुधवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा, चंदा और दान चोरी की खबर दुनिया भर में फैल चुकी है. उनके अनुसार, विदेशों में रहने वाले सनातन धर्मावलंबी इस घटना से आहत हैं क्योंकि उन्होंने भी मंदिर में दान दिया था या सहयोग किया था.
सपा प्रमुख ने दावा किया कि इस मामले के बाद दुनिया भर के निवेशकों के बीच भी सरकार की साख को लेकर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने कहा कि निवेशकों को सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही पर संदेह हो रहा है. अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता खो दी है. उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और देश की साख दोनों का विश्वास कायम रह सके

