New Delhi 09 Jully (Rns) /- पाकिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम एक बार फिर फटाफट क्रिकेट में टीम की कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों के मुताबिक, आगामी सीरीज और बड़े टूर्नामेंट्स के मद्देनजर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) बाबर को फिर से यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की योजना बना रहा है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम के पिछले कुछ मैचों के प्रदर्शन का आकलन करने के बाद बोर्ड टी20 फॉर्मेट में लीडरशिप बदलने का मन बना रहा है। यदि इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगती है, तो बाबर आजम मौजूदा कप्तान सलमान अली आगा की जगह लेंगे, जो फिलहाल टीम की कमान संभाल रहे हैं।
फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार
कराची। यह चर्चा ऐसे समय में तेज हुई है जब हाल ही में बाबर आजम को दोबारा टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इससे यह साफ जाहिर होता है कि क्रिकेट बोर्ड एक बार फिर अपने इस सीनियर खिलाड़ी पर पूरी तरह भरोसा जताने के मूड में है। हालांकि, पीसीबी ने अभी तक इस मामले पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय दौरों और आईसीसी इवेंट्स को देखते हुए बाबर आजम टी20 कप्तानी की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं

