दुर्ग, 09 जुलाईं (आरएनएस)। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस बहुचर्चित स्क्रैप चोरी प्रकरण में अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी का लौह स्क्रैप, लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली थी। मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप बरामद किया गया था। साथ ही स्क्रैप परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए जा रहे कई वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनें भी जब्त की गई थीं।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह पिछले चार से पांच महीनों से योजनाबद्ध तरीके से बीएसपी से फ्लू डस्ट के साथ लौह स्क्रैप चोरी कर उसे अवैध रूप से संग्रहित कर आर्थिक लाभ कमा रहा था। मामले में अब तक लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों और मशीनों सहित करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
विवेचना के दौरान बीएसपी के दो कर्मचारियों हिमांशु भूषण मलिक (54) और मनोज कुमार देवांगन (58) की संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश और वित्तीय लेनदेन सहित पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी, अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

