दुर्ग, 09 जुलाईं (आरएनएस)। पुलगांव थाना पुलिस ने जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने एक ही जमीन का कई लोगों से सौदा कर ब्याना और उधारी के नाम पर रकम वसूली थी। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नोकेश देशमुख और नेहा देशमुख, निवासी ग्राम दमोदा, ने ग्राम अंजोरा स्थित प्लॉट नंबर-08 की जमीन का सौदा 5.50 लाख रुपये में किया था। इस दौरान प्रार्थी से ऑनलाइन और नकद माध्यम से 5.20 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा व्यवसायिक जरूरत बताकर प्रार्थी की मां से 2.80 लाख रुपये भी एनईएफटी के जरिए ले लिए। इस तरह आरोपियों ने कुल 8 लाख रुपये प्राप्त कर लिए, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई।
बाद में प्रार्थी ने ऑनलाइन भुइयां पोर्टल पर जांच की तो पता चला कि संबंधित जमीन पहले से ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है। पुलिस विवेचना में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने इसी जमीन के नाम पर दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा, दिनेश कुमार पांडे समेत अन्य लोगों से भी ब्याना राशि लेकर धोखाधड़ी की है।
मामले में पुलगांव थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले में दस्तावेजी साक्ष्य और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड जुटाए गए हैं तथा अन्य संभावित पीडि़तों और धोखाधड़ी के पहलुओं की जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले स्वामित्व, दस्तावेज और राजस्व अभिलेखों का पूरी तरह सत्यापन करें तथा किसी भी तरह की धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

