० उद्यमियों को मिले सफलता के नए गुर
सुकमा, 09 जुलाईं (आरएनएस)। केंद्र सरकार की ‘रैंपÓ योजना के अंतर्गत सुकमा जिले में स्थानीय व्यापार को डिजिटल पहचान देने के लिए दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार तथा राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ये कार्यक्रम जनपद पंचायत सुकमा और ग्राम पंचायत कोर्रा में आयोजित किए गए। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को व्यवसाय विकास सेवाओं, डिजिटल तकनीकों, ई-कॉमर्स, ऑनलाइन मार्केटिंग और सरकारी डिजिटल प्लेटफॉम्र्स से जोड़कर उनके व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी और बाजारोन्मुख बनाना था।
व्यावहारिक प्रशिक्षण और डिजिटल मार्केटिंग पर जोर
इन दोनों शिविरों में कुल 100 उत्साही उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों (जनपद पंचायत सुकमा में 60 और ग्राम पंचायत कोर्रा में 40) ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया प्रमोशन, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और सरकारी ऋण सुविधाओं की विस्तृत व व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस दौरान स्थानीय महिला समूहों और उद्यमियों ने अपने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी खाद्य उत्पादों जैसे अचार, बड़ी, पापड़ और मसालों की ब्रांडिंग, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता सुधार और उन्हें ऑनलाइन मार्केटप्लेस तक पहुंचाने के गुर सीखे और डिजिटल माध्यमों के प्रति विशेष रुचि दिखाई।
उद्यमियों ने लिया आत्मनिर्भरता का संकल्प
समापन अवसर पर वक्ताओं ने स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग और डिजिटल टूल्स के जरिए सुदूर क्षेत्रों के उत्पादों को व्यापक वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया, जिससे क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खुलेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों को सुचारू और सफल बनाने में मास्टर ट्रेनर अजय कुमार साहू, बीरसिंह चतुर्वेदी, बीपीएम शाहीन (जनपद पंचायत सुकमा) तथा मास्टर ट्रेनर चेतन चंद्राकर और पीआरपी पत्रिका पटेल (ग्राम पंचायत कोर्रा) का विशेष योगदान रहा। प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे डिजिटल और व्यावहारिक सत्र आयोजित करने की इच्छा जताई। अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी अतिथियों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

