गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 10 जुलाई (आरएनएस) जिले में डॉयल-112 की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर एक महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। आधी रात सर्पदंश की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 12:59 बजे डॉयल-112 गौरेला फालकन-1 को ग्राम धनौली के जमुनिया टोला से एक महिला को जहरीले सांप के काटने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आरक्षक रामदयाल आयाम और चालक गोपाल पुरी तत्काल ईआरवी वाहन लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि जमुनिया टोला निवासी 55 वर्षीय सोनकुंवर पनिका रात में जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान उन्हें जहरीले सांप ने काट लिया। डॉयल-112 टीम ने बिना किसी देरी के महिला को परिजनों के साथ जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से महिला की हालत अब सामान्य बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी धनौली गांव में जमीन पर सो रही एक युवती को सर्पदंश होने पर डॉयल-112 की तत्परता से उसकी जान बचाई गई थी। लगातार दूसरी बार समय पर मिली सहायता ने आपातकालीन सेवा की प्रभावशीलता को साबित किया है।
जिला पुलिस ने वर्षा ऋतु को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जहां तक संभव हो जमीन पर सोने से बचें, चारपाई या बिस्तर का उपयोग करें तथा मच्छरदानी लगाकर सोएं। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत डॉयल-112 या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर इलाज मिल सके और जान बचाई जा सके।

