बलौदाबाजार, 10 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने विशेष जनजागरूकता संदेश जारी किया है। पुलिस ने युवाओं से तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने की अपील करते हुए कहा है कि कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी पूरी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।
पुलिस ने अपने संदेश में कहा है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और अनावश्यक तेज रफ्तार से बचें। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए कहा गया कि हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा कवच है। बिना हेलमेट वाहन चलाना गंभीर दुर्घटना की स्थिति में जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने यह भी कहा कि सड़क पर हर व्यक्ति की जिम्मेदारी केवल अपनी नहीं, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी है। एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है। इसलिए यातायात नियमों का पालन करना जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने युवाओं से संदेश के माध्यम से अपील की कि जिंदगी बहुत कीमती है, इसे रफ्तार की भेंट न चढ़ाएं। सुरक्षित चलें, हेलमेट पहनें और अपने परिवार की मुस्कान हमेशा बरकरार रखें।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

