भिलाई, 10 जुलाई (आरएनएस)। सेल भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में शुक्रवार तड़के बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ-मैटेरियल हैंडलिंग सेक्शन में संचालित ओवर ब्रिज क्रेन (OBC) नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 40 से 50 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में केबिन के भीतर मौजूद क्रेन ऑपरेटर रवींद्र चौधरी (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
स्टील बीम से टकराने से बची बड़ी त्रासदी
जानकारी के मुताबिक, नीचे गिरते समय क्रेन का केबिन बीच में स्टील बीम से टकरा गया, जिससे उसके गिरने की रफ्तार कुछ कम हो गई और वह सीधे जमीन पर नहीं गिरा। इसके बावजूद केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि करीब 8 फीट का केबिन दुर्घटना के बाद बुरी तरह दबकर लगभग 2 फीट के आकार में सिमट गया। हादसे में ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
पहले मेडिकल पोस्ट, फिर सेक्टर-9 अस्पताल रेफर
दुर्घटना के तुरंत बाद घायल रवींद्र चौधरी को प्लांट के मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
चार दिन पहले हुआ था सेफ्टी इंस्पेक्शन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस ओवर ब्रिज क्रेन से हादसा हुआ था, उसका महज चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। इसके बावजूद केबिन का टूटकर गिर जाना सुरक्षा मानकों और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जांच में यह स्पष्ट होगा कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई।
क्रेन बंद, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई स्टील प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई। हादसे के बाद संबंधित ओवर ब्रिज क्रेन को तत्काल बंद कर दिया गया है, जिससे ब्लास्ट फर्नेस के रॉ-मैटेरियल हैंडलिंग का कार्य प्रभावित हुआ है।
ठेका कंपनी का कर्मचारी है घायल ऑपरेटर
बताया जा रहा है कि घायल क्रेन ऑपरेटर रवींद्र चौधरी ठेकेदार नवीन सिंह के अधीन कार्यरत थे। सूत्रों के अनुसार, इसी क्षेत्र में पहले भी एक गंभीर हादसा हो चुका है, जिसमें एक श्रमिक की मौत हुई थी। ताजा घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और उपकरणों के रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन की ओर से इस हादसे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

