धमतरी, 10 जुलाई (आरएनएस)। कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया तथा जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को लगातार परेशान और प्रताडि़त किया जा रहा है। इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियों का निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से कार्य करना आवश्यक है। उनका आरोप है कि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0

