0 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 10 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) ने शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में जनरल परेड का निरीक्षण करने के बाद जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, निगरानीशुदा एवं गुंडा-बदमाशों पर लगातार नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस रिस्पांस टाइम बेहतर करने और आमजन को त्वरित न्याय दिलाने पर जोर दिया।
लापरवाही पर दो अधिकारियों को कड़ी फटकार
अपराध समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी बम्हनीडीह दिलीप सिंह को उनके क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के मामलों को लेकर कड़ी फटकार लगाई। वहीं चौकी प्रभारी नैला रंजीत कंवर को रात्रि गश्त में लापरवाही और आपराधिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं करने पर सख्त चेतावनी दी गई। एसपी ने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होने की हिदायत दी।
बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों का सम्मान
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना भी की गई। थाना प्रभारी अकलतरा भास्कर शर्मा को पाकिस्तानी समर्थित स्लीपर सेल के एक सदस्य की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर विशेष रूप से प्रशंसित किया गया।
वहीं थाना प्रभारी शिवरीनारायण कृष्ण पाल सिंह को एक गंभीर आपराधिक प्रकरण का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करने पर पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
Óजीरो टॉलरेंसÓ की नीति पर जोर
एसपी विजय कुमार पांडेय ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह ‘जीरो टॉलरेंसÓ की रहेगी। बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

