धमतरी, 10 जुलाई (आरएनएस)। स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिंगपुर में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को शिक्षा, संस्कार, गुरु-शिष्य परंपरा, राष्ट्र निर्माण और संवाद की संस्कृति पर प्रेरक संदेश दिया। साथ ही विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड (टीवी पैनल) का शुभारंभ किया और पुस्तकालय के लिए 11 हजार रुपये मूल्य की उत्कृष्ट पुस्तकें उपलब्ध कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में एसपी ने कहा कि आज के विद्यार्थी विकसित भारत के भविष्य और राष्ट्र के वास्तविक कर्णधार हैं। यदि उन्हें प्रारंभिक अवस्था से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छे संस्कार, अनुशासन और सही मार्गदर्शन मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि गुरु ही भविष्य के निर्माता हैं और विद्यार्थी राष्ट्र के भावी कर्णधार हैं। गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च है और प्रत्येक विद्यार्थी का कर्तव्य है कि वह अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनके मार्गदर्शन में अपने जीवन के लक्ष्य हासिल करे।
विद्यार्थियों से किया संवाद
एसपी परिहार ने विद्यार्थियों से उनके जीवन के लक्ष्य भी पूछे। कई विद्यार्थियों ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा जताई। इस पर उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इन्हीं विद्यार्थियों में भविष्य के श्रेष्ठ अधिकारी और राष्ट्र निर्माता तैयार होंगे।
Óराष्ट्र ऋणÓ निभाने का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने भारतीय संस्कृति से जुड़े ‘ऋणÓ विषय पर प्रश्न पूछते हुए सही उत्तर देने वाले को सम्मानित करने की घोषणा की। ग्राम अंजोरा की गायत्री सिन्हा ने देव ऋण, मातृ-पितृ ऋण और गुरु/ऋषि ऋण का सही उत्तर दिया, जिस पर उन्हें मंच पर पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
एसपी ने कहा कि वर्तमान समय में एक चौथा राष्ट्र ऋण भी है, जिसे प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के माध्यम से चुकाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करेगा तो भारत को विश्व की महाशक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकेगा।
संवाद की संस्कृति अपनाने पर दिया जोर
उन्होंने विद्यार्थियों और समाज से वाद-विवाद के बजाय संवाद की संस्कृति अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संवाद ही समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
समाजसेवी की सराहना, आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा
एसपी सूरज सिंह परिहार ने समाजसेवी श्रीमती खेमन बाई के शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट बोर्ड (टीवी पैनल) का शुभारंभ भी किया और कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यालय के पुस्तकालय के लिए 11 हजार रुपये की उत्कृष्ट पुस्तकें उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

