महासमुंद, 10 जुलाई (आरएनएस)। जिले के सरायपाली विकासखंड स्थित जम्हारी हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों और अभिभावकों ने शुक्रवार को स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षकों की शीघ्र पदस्थापना की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, जम्हारी हाईस्कूल में कई विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसके कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद शिक्षा विभाग ने अब तक शिक्षकों की स्थायी व्यवस्था नहीं की है।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक स्कूल पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि जब तक सभी रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। फिलहाल मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

