रायपुर, 10 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाली पर किए गए कब्जे को हटाना शुरू कर दिया। शुक्रवार को निगम की टीम पंडरी स्थित प्रकाश होजरी होलसेल शॉप पहुंची, जहां नाली को ढंककर किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ने नाली के ऊपर पाटा बनाकर उस पर कब्जा कर लिया था। इस संबंध में स्थानीय बस्तीवासियों ने नगर निगम से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि नाली ढंकी होने के कारण उसकी नियमित सफाई नहीं हो पाती, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी बाधित होती है और आसपास की बस्ती में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है।
शिकायत की जांच के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक नाली पर किया गया निर्माण पूरी तरह अवैध था, इसलिए उसे हटाया जा रहा है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक नालियों, सड़कों और शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

