अयोध्या 10 Jully (Rns) । राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने के पुराने विवाद को फिर उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए आस्था के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई सरकार दिल्ली की जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या के विकास को वर्षों तक रोके रखा, वही आज दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या में वह परिवर्तन कर दिखाया है, जो पिछले 500 वर्षों में संभव नहीं हो पाया। इस दौरान उन्होंने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के बीकापुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो लोग आस्था और रामभक्ति की बातें करते हैं, वही कभी हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का काम करते थे। यह आस्था के साथ खिलवाड़ था। उन्होंने सवाल किया, “क्या कोई सरकार दिल्ली की जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकती है?” हनुमानगढ़ी में ऐसा कराना सपा और कांग्रेस का पाप था, जिसे प्रदेश की जनता ने कभी स्वीकार नहीं किया।
राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर हाल के विवादों का बिना नाम लिए जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग आस्था के मुद्दों पर केवल राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा सरकार ने अयोध्या के विकास और उसकी सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने का काम किया है। जिन लोगों ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे आज रामभक्ति का दिखावा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक अयोध्या विकास से वंचित रही। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों ने न तो यहां के धार्मिक महत्व का सम्मान किया और न ही बुनियादी विकास पर ध्यान दिया। पहले सरयू नदी प्रदूषित रहती थी, बुनियादी सुविधाओं का अभाव था और अयोध्या की पहचान उपेक्षा से जुड़ी हुई थी, लेकिन डबल इंजन सरकार ने इसकी तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। आज अयोध्या महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के माध्यम से देश-दुनिया से जुड़ चुकी है। आधुनिक सड़कें, बेहतर रेलवे संपर्क, घाटों का सौंदर्यीकरण और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा अयोध्या को नई पहचान दे रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

