रायपुर, 10 जुलाई (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की अध्यक्षता में करीब ढाई घंटे तक चली बैठक में आगामी संगठनात्मक रणनीति, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय सहित सभी 17 प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न प्रकोष्ठों को आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार से जुड़ी जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सिर पर बर्फ रखो, यानी हमेशा शांत और संयमित रहें। मुंह में मिश्री रखो, अर्थात सभी से मधुर व्यवहार करें। वहीं पैर में चक्र रखो का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी और समाज के कार्यों के लिए हमेशा सक्रिय और गतिशील बने रहें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रति समर्पण और आपसी भाईचारा बनाए रखने का भी आह्वान किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि इससे पहले मोर्चों और प्रकोष्ठों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गई थीं। शुक्रवार को सभी प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनसंपर्क कर सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया।
0

