0 नियम तोडऩे वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
रायपुर, 10 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को विशेष जांच अभियान चलाया। पश्चिम क्षेत्र के सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर थाना क्षेत्र में संचालित 10 स्पा सेंटरों में पुलिस की संयुक्त टीम ने एक साथ औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों के लाइसेंस, कर्मचारियों के पहचान पत्र, आने-जाने वाले ग्राहकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि कहीं सेंटरों में किसी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधियां तो संचालित नहीं हो रही हैं।
निरीक्षण के बाद पुलिस ने सभी संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने और सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी दी गई।
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन या गैरकानूनी गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

