धमतरी, 10 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भखारा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लेकर घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से चाकू बरामद कर आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, जिले में चाकूबाजी, गुंडागर्दी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना भखारा पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग धारदार चाकू लेकर सार्वजनिक स्थानों पर लोगों में भय का माहौल बना रहे हैं।
पहले मामले में युवक चाकू के साथ गिरफ्तार
पहली कार्रवाई में पुलिस ने नरेंद्र कुमार पटेल (25 वर्ष), निवासी ग्राम भिंडरावनी भाटापारा, थाना भखारा को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
दूसरे मामले में मुक्तिधाम के पास लोगों को डरा रहा था आरोपी
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि मनीष यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम भिंडरवानी, भिंडरवानी मुक्तिधाम के पास चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से भी एक धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूमता हुआ दिखाई दे या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि करता मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले, चाकूबाजी करने वाले और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0

