लखनऊ 10 जुलाई,(आरएनएस )। रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ नगर निगम ने पूरे शहर में वृहद मेगा सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत नगर निगम के सभी 110 वार्डों में एक साथ विशेष सफाई अभियान संचालित कर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ लखनऊ का संदेश दिया गया।अभियान का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल ने हजरतगंज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पार्षदों और नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद महापौर स्वयं सफाई अभियान में शामिल हुईं और नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा शहर को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।महापौर ने कहा कि राजनाथ सिंह का लखनऊ के प्रति विशेष स्नेह, जनसेवा की भावना और शहर के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जन्मदिन के अवसर पर आयोजित यह मेगा सफाई अभियान सेवा, सम्मान और स्वच्छता के संकल्प का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सहभागिता से ही लखनऊ को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों में अग्रणी बनाया जा सकता है।अभियान के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद, अपर नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक सफाई अभियान में भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।मेगा सफाई अभियान को प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने सभी 110 वार्डों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की। इन अधिकारियों को अपने-अपने वार्डों में सफाई कार्यों की निगरानी, अभियान के प्रभावी संचालन तथा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

