लखनऊ 10 जुलाई (आरएनएस )आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने देश के विभिन्न राज्यों में ईसाई समुदाय और उनके प्रार्थना स्थलों पर कथित हमलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता और देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे पर गंभीर चुनौती हैं।संजय सिंह ने पत्र में पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली में ईसाई समुदाय के खिलाफ हुई कथित हिंसा और चर्चों पर हमलों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से इन घटनाओं की सार्वजनिक रूप से निंदा करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चर्चों पर हमले, पादरियों के साथ मारपीट और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं पर केंद्र सरकार की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है।आप सांसद ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली और पश्चिम बंगाल के सोनारपुर की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पुलिस हमलावरों के बजाय पीडि़तों पर ही धर्मांतरण विरोधी कानूनों के तहत कार्रवाई कर रही है। उन्होंने इसे न्याय के सिद्धांतों के विपरीत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।संजय सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 25 और 26 प्रत्येक नागरिक को अपनी धार्मिक आस्था का पालन, प्रचार और प्रसार करने का अधिकार देता है। उन्होंने केंद्र सरकार से धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।पत्र में उन्होंने पांच प्रमुख मांगें भी रखीं, जिनमें सभी घटनाओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीडि़तों को न्याय, धर्मांतरण विरोधी कानूनों के कथित दुरुपयोग पर रोक तथा धार्मिक स्थलों और अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग शामिल है।संजय सिंह ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप और संवैधानिक मूल्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

