जयदीप यादव
कोलकाता 10 जुलाई (आरएनएस)। महानगर कोलकाता में गुरुवार से शुरू हुई भारी बारिश ने शुक्रवार को भी जारी रहा। ऐसे में आज महानगर के तमाम इलाके तरणताल बन गए और जल जमाव से लोग परेशान हुए। ठनठनिया कालीबाड़ी, सेंट्रल एवेन्यू, सुकिया स्ट्रीट, कॉलेज स्ट्रीट, खिदिरपुर और बेहाला जैसे पारंपरिक रूप से संवेदनशील इलाकों में पानी का स्तर इतना बढ़ गया है कि सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं। सेंट्रल एवेन्यू और मध्य कोलकाता के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। स्ट्रैंड रोड पर एक बड़ा पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालांकि दक्षिण कोलकाता में बारिश की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रही। सबसे अधिक परेशानी वीआईपी रोड और चिनार पार्क इलाके में देखने को मिली। 45 नंबर बस स्टैंड पूरी तरह पानी में डूब गया और वहां खड़ी बसों के पहिए तक पानी में समा गए। वीआईपी रोड से गुजर रही एक कार बीच सड़क पर बंद हो गई और उसका आधा हिस्सा पानी में डूब गया। बाद में क्रेन की मदद से उसे हटाया गया। कई मोटरसाइकिलों और छोटी कारों के इंजन भी पानी में खराब हो गए, जिससे लंबा जाम लग गया।
चिनार पार्क के अलावा कैखाली, दमदम, बरानगर, बैरकपुर और सोदपुर जैसे निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कोलकाता एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर भी पानी भर जाने से यात्रियों को परेशानी हुई। खराब मौसम के कारण कुछ समय के लिए उड़ान सेवाएं भी प्रभावित होने की खबर है। शुक्रवार का दिन होने के कारण कामकाजी लोगों को ऑफिस पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलजमाव और परिवहन ठप होने के कारण कई स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बेहद कम रही, और कुछ स्कूलों ने ऐहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित कर दी। ऐप-आधारित टैक्सियों उबेर व ओला के ड्राइवरों ने जलभराव वाले इलाकों में जाने से मना कर दिया, और जो उपलब्ध थीं, उनके किराए आसमान छू रहे थे। कोलकाता नगर निगम के निकासी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। शहर में अभी असामान्य स्तर की बारिश नहीं हुई है। जलनिकासी के लिए बूस्टर पंप, छोटे-बड़े पंपिंग स्टेशन और लॉकगेट पूरी तरह सक्रिय हैं तथा निकासी कर्मी लगातार सड़कों पर तैनात हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि एक घंटे में 50 मिलीमीटर से अधिक बारिश होती है तो जलभराव की समस्या बढ़ सकती है, लेकिन उससे निपटने की पूरी तैयारी है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार तक गरज के साथ बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, नदिया, मुर्शिदाबाद तथा पूर्व बर्धमान में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर बंगाल के कई जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है। कोलकाता नगर निगम के ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता से चलाया जा रहा है ताकि जमा पानी को हुगली नदी और नहरों में जल्द से जल्द निकाला जा सके। वहीं झाडग़्राम जिले के संकरैल और नयाग्राम ब्लॉकों को जोडऩे वाला सुवर्णरेखा नदी पर बना अस्थायी (फेयर-वेदर) पुल तेज बारिश और नदी के बढ़े जलस्तर के कारण बह गया। पुल बहने से दोनों ब्लॉकों के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

