कांकेर, 10 जुलाईं (आरएनएस)। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 505 आबकारी प्रकरणों में जब्त कुल 3,188.935 बल्क लीटर अवैध शराब का विधिवत नष्टीकरण किया। कार्रवाई भानुप्रतापपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने नियमानुसार संपन्न कराई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख एवं आबकारी निरीक्षक रेणु मरकाम की उपस्थिति में जब्त शराब को नष्ट किया गया।
नष्टीकरण के दौरान 1,629.805 बल्क लीटर देशी महुआ शराब और 1,559.130 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब, कुल 3,188.935 बल्क लीटर अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। यह शराब आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 505 विभिन्न प्रकरणों में जब्त की गई थी।
कांकेर पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण या बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल अपने निकटतम थाना, चौकी, डायल-112 या पुलिस अपराध सूचना हेल्पलाइन 9479155125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

