नगरी, 10 जुलाई (आरएनएस)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला धमतरी तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में सिविल अस्पताल बोराई में एक दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 243 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार और परामर्श दिया। वहीं 31 स्कूली बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई गई।
कलेक्टर के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुधीर चटर्जी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्षा जैन, जनरल सर्जन डॉ. विभोर नंदा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष खालसा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष अग्रवाल तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संगम लुनकड़ ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
बीपीएम हितेंद्र साहू ने बताया कि शिविर में कुल 243 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 47 स्त्री रोग, 35 नेत्र रोग, 41 मेडिसिन, 51 जनरल सर्जरी, 39 शिशु रोग तथा 21 हड्डी रोग के मरीज शामिल रहे। सभी मरीजों को आवश्यक जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा उपलब्धता के अनुसार नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर के दौरान 31 स्कूली छात्राओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यह टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। छात्राओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
बीएमओ नगरी डॉ. डी.एन. सोम ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्य अधिकारियों, कर्मचारियों, मितानिनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन लगातार किया जाएगा।
शिविर के सफल संचालन में डॉ. नरेंद्र, डॉ. देविका, डॉ. मिथलेश, डॉ. रेणुका, आरएमए संजीव साहू, चिरायु दल के सदस्यों तथा ग्राम बोराई के सरपंच का विशेष सहयोग रहा।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

