० एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधरोपण, ‘मिशन कटहल का किया शुभारंभ
कोण्डागांव, 10 जुलाई (आरएनएस)। ग्राम गोलावंड स्थित संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में शुक्रवार को वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण महाअभियान के तहत वन मंत्री ने ग्राम गोलावंड में हितग्राही बालकृष्ण यादव एवं रैनु बघेल के बाड़ी में जाकर कटहल के पौधे का रोपण किया। साथ ही ग्राफ्टेड कटहल के पौधे वितरित कर ‘मिशन कटहल का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में 200 विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों का सामूहिक रोपण किया गया।
अपने संबोधन में वन मंत्री केदार कश्यप ने छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों, गायता, पुजारी, पटेल, कोटवार तथा अधिकारियों-कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए वनों की सुरक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने वन विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज वितरित किए जा रहे फलदार पौधे भविष्य में ग्रामीणों की आय बढ़ाने के साथ हरियाली को भी समृद्ध करेंगे। वन मंत्री ने कहा कि वन हमारे लिए अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनसे अनेक प्रकार की वनोपज प्राप्त होती है। इन्हें आने वाली पीढिय़ों के लिए संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय एवं अपने घरों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने तथा मन लगाकर पढ़ाई करते हुए अपने माता-पिता का नाम रोशन करने का आग्रह किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है, इसलिए किसानों को पुन: जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होना चाहिए।
इस अवसर पर वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दृढ़ संकल्प और सुरक्षा बलों के जवानों के साहस से यह क्षेत्र माओवाद के प्रभाव से मुक्त हुआ है। अब भयमुक्त वातावरण में दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास कार्य तेजी से पहुंच रहे हैं और आने वाले समय में बस्तर देश के सबसे समृद्ध एवं विकसित क्षेत्रों में शामिल होगा।
मिशन कटहल से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय
कार्यक्रम में ग्रामीणों से ‘मिशन कटहल के तहत कटहल की व्यावसायिक खेती अपनाने का आग्रह किया गया। योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को उच्च गुणवत्ता वाले ग्राफ्टेड कटहल के पौधे नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। अधिक उत्पादन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ेगी तथा उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
वन महोत्सव के तहत चल रहा है व्यापक पौधरोपण अभियान
कोण्डागांव वनमंडल में वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत 1 जुलाई से सभी वन परिक्षेत्रों में लगातार नि:शुल्क पौध वितरण एवं पौधरोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके लिए कोण्डागांव मुख्यालय सहित सभी परिक्षेत्र मुख्यालयों में नि:शुल्क पौधा वितरण केन्द्र स्थापित किए गए हैं, ताकि हितग्राहियों एवं पर्यावरण प्रेमियों को आसानी से पौधे उपलब्ध हो सकें।
वनमंडल के विभिन्न रिक्त वन क्षेत्रों में वानिकी प्रजातियों के संग्रहित बीजों का छिड़काव भी किया गया है, जिससे प्राकृतिक पुनरुत्पादन को बढ़ावा मिले, वनों का घनत्व बढ़े तथा पर्यावरणीय संतुलन मजबूत हो। साथ ही ग्रामीणों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मर्दापाल एवं नारंगी परिक्षेत्र में 250-250 हेक्टेयर क्षेत्र में क्रमश: फुलझाड़ू घास के स्लिप्स तथा माहुल पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी वन परिक्षेत्रों के चयनित गांवों में हितग्राहियों की बाडिय़ों में ग्राफ्टेड कटहल, आंवला एवं आम के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे भविष्य में उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह (भा.व.से.) ने सभी नागरिकों से नि:शुल्क पौधा वितरण केन्द्रों से पौधे प्राप्त कर ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुडऩे, वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा करने तथा अतिक्रमण से बचने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनिता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, राम कुमार कोर्राम, बीएसएफ के कमांडेंट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण, गायता, पुजारी, पटेल एवं कोटवार उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

