कोण्डागांव, 10 जुलाई (आरएनएस)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनाबाल में घटित प्रसव संबंधी घटना के मामले में प्राप्त प्रतिवेदन एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
उल्लेखनीय है कि 26 जून 2026 को घटित मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनाबाल के संस्था प्रभारी डॉ. कृष्ण कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्ट अभिमत सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। संस्था प्रभारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन का परीक्षण करने के उपरांत प्रथम दृष्टया लापरवाही परिलक्षित होने पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रारंभिक जांच में पाया गया कि संबंधित दिवस पर स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का समुचित संचालन एवं 24म7 स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने में अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती गई। साथ ही अधीनस्थ कर्मचारियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने में भी लापरवाही सामने आई। जांच में यह भी उल्लेखित है कि कर्मचारी द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगाकर चले जाना कर्तव्य के प्रति लापरवाही है। इसके लिए प्राथमिक अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत केंद्र के कर्मचारियों- हीरमनी साहू, द्वितीय ए.एन.एम.,नीली नेताम, वार्ड आया, सियाराम सेठिया, चौकीदार के एक दिवस के वेतन कटौती की अनुशंसा की गई है। साथ में इसकी पुनरावृत्ति नहीं होने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

