कोण्डागांव, 10 जुलाई (आरएनएस)। कोण्डागांव एवं अन्य जिलों के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने कार्यालय जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव द्वारा 17 जुलाई 2026 दिन शुक्रवार को एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला कलेक्टर परिसर कोण्डागांव में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा।
इस रोजगार मेला के माध्यम से निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 185 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें फायर, सेफ्टी एंड डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में फायरमैन के 20 पद, सिक्योरिटी गार्ड के 50 पद, फूड पैकिंग के 25 पद ड्राइवर के 10 पद, वार्ड बॉय, वार्ड गर्ल और होम केयर टेकर सर्विसेस के 50 पद तथा स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा. लि. कोण्डागांव द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता 8वीं 10वीं, 12वीं एवं डिपलोमा फायर सेफ्टी निर्धारित की गई है। आयु सीमा सामान्यत: 18 से 40 वर्ष रखी गई है। कुछ पदों पर फ्रेशर अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा, जबकि कुछ पदों के लिए 0 से 1 वर्ष का अनुभव आवश्यक होगा। चयनित अभ्यर्थियों को पद अनुसार 10 हजार रुपये से लेकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेला में भाग लेने के इच्छुक युवक-युवतियों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो सहित सभी मूल दस्तावेज एवं छायाप्रति के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने का आग्रह किया गया है। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाकर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

