अल्मोड़ा, 10 जुलाई (आरएनएस ) । जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहारÓ के तहत दन्या पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के एक फरार वारंटी को गुरुवार को पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट से गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने वारंट संख्या-46/22, एफआईआर संख्या-33/21 एवं धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित फरार वारंटी मनोज सिंह मेहर को हाट कालिका मंदिर के निकट पार्किंग स्थल, गंगोलीहाट से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 34 वर्षीय मनोज सिंह मेहर पुत्र नारायण सिंह, निवासी ग्राम कुमौड़, कोतवाली पिथौरागढ़, हाल निवासी ग्राम ब्लायूँ, थाना थल, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक नवीन चंद सोराड़ी, हेड कांस्टेबल धीर सिंह तथा एसओजी के कांस्टेबल राजेश भट्ट शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

