हरिद्वार,10 जुलाई (आरएनएस )। नगर निगम की मेयर किरन जैसल ने शुक्रवार को शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा और सचिव नितेश झा से मुलाकात कर हरिद्वार के दीर्घकालिक विकास और आगामी कांवड़ व कुंभ मेले की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने शहर के लिए विशेष विकास पैकेज और लंबित योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग उठाई। बैठक में जैसल ने कहा कि हरिद्वार देश और दुनिया की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षभर लाखों श्रद्धालु आते हैं, जबकि कांवड़ और कुंभ मेले के दौरान करोड़ों लोगों का आगमन होता है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए शहर की आधारभूत सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है।बैठक में सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण, ड्रेनेज और सीवर व्यवस्था के विस्तार, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वैज्ञानिक सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों के आधुनिकीकरण, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, पार्किंग सुविधाओं के विस्तार, यातायात प्रबंधन, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, घाटों के पुनर्विकास, गंगा तट की स्वच्छता तथा स्मार्ट सिटी की अवधारणा के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मेयर ने नगर निगम की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध करते हुए हरिद्वार के लिए विशेष विकास पैकेज की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि समयबद्ध ढंग से योजनाओं का क्रियान्वयन होने पर हरिद्वार को देश के सबसे स्वच्छ और सुव्यवस्थित धार्मिक नगरों में शामिल किया जा सकता है। बैठक में आगामी कांवड़ और कुंभ मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने घाटों की विशेष सफाई, अस्थायी एवं स्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाने, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थलों, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सुविधाओं को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले को देखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं पर अभी से काम शुरू किया जाना चाहिए। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार के विकास को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताते हुए महापौर की ओर से रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं, शहरी विकास सचिव नितेश झा ने नगर निगम की विकास योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उनके समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
्र
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

