हरिद्वार ,10 जुलाई (आरएनएस )। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। हरिद्वार के भीमगौड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे गंगा का जलस्तर 291.10 मीटर दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है, हालांकि यह अभी चेतावनी स्तर 293 मीटर से नीचे है। यूपी सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लगातार बारिश को देखते हुए गंगा से सटे निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है, जबकि बाढ़ चौकियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से गंगा किनारे न जाने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।बारिश के कारण सोलानी, बाणगंगा और पथरी रौह नदी भी उफान पर हैं। लक्सर, खानपुर और लालढांग क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कुछ स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जबकि हरिद्वार-नजीबाबाद निर्माणाधीन हाईवे के कारण जल निकासी प्रभावित होने से परेशानी बढ़ गई है। गुरुवार को लक्सर क्षेत्र में पानी के बीच फंसे पिता-पुत्र का एसडीआरएफ ने सुरक्षित रेस्क्यू किया था। यूपी सिंचाई विभाग के जेई हरीश कुमार ने बताया कि बाढ़ कंट्रोल रूम से हर घंटे जलस्तर की निगरानी की जा रही है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

