हरिद्वार,10 जुलाई (आरएनएस)। सोशल मीडिया पर रील बनाने और स्टंट करने का शौक कुछ युवकों को भारी पड़ गया। कनखल क्षेत्र के बजरीवाला में युवक अपनी थार गाड़ी गंगा नदी के भीतर ले जाकर वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के चलते गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया और थार नदी के बीच फंस गई। कार में सवार युवकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद और क्रेन की सहायता से वाहन को सुरक्षित बाहर निकलवाया। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने थार को सीज कर दिया। घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।पुलिस के मुताबिक कुछ युवक थार की इंजन क्षमता परखने और स्टंट करते हुए रील बनाने के उद्देश्य से गंगा किनारे पहुंचे थे। उन्होंने वाहन को नदी के भीतर उतार दिया, लेकिन अचानक जलस्तर बढऩे से गाड़ी बीच धारा में फंस गई। युवकों ने पहले अपने स्तर पर वाहन निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी लगातार बढऩे से स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रस्सी से वाहन को बांधकर बहने से रोका। सूचना मिलने पर कनखल थाने के एसएसआई अनुज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल क्रेन बुलवाई, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद थार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि कुछ युवक गंगा नदी के भीतर थार वाहन उतारकर रील बना रहे थे। अचानक जलस्तर बढऩे से वाहन नदी में फंस गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वाहन को सीज कर दिया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

