नईदिल्ली,11 जुलाई(आरएनएस)। दिल्ली में 2 दिन से मूसलाधार बारिश हो रही थी, लेकिन अब मौसम बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, राजधानी में 12 से 16 जुलाई तक बारिश का ब्रेक रहेगा। आईएमडी ने बताया कि शनिवार सुबह हल्की बारिश का एक छोटा सा दौर दिख सकता है, लेकिन उसके बाद बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। अगर पिछले बारिश के आंकड़ों पर गौर करें तो सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में बुधवार और वीरवार को मिलाकर 106.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसके मुकाबले शुक्रवार को सिर्फ 1.2 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज हुई।
बारिश का ब्रेक होने की वजह से अब राजधानी में तापमान बढऩे वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, रविवार से वीरवार तक अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि मॉनसून ट्रफ के हिमालय की तरफ खिसकने से ही दिल्ली में यह सूखा मौसम आ रहा है। बारिश थमने के साथ ही दिल्ली की हवा की क्वालिटी पर भी असर पड़ा है। गुरुवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 48 था, जिसे अच्छा माना जाता है, लेकिन शुक्रवार को यह बढ़कर 65 हो गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

