मुंबई,11 जुलाई(आरएनएस)। टीवी के लोकप्रिय शो पांड्या स्टोर में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता रोहित चंदेल को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभिनेता पर एक 16 साल की नाबालिग लड़की का पीछा करने, उसके साथ बदसलूकी करने और मारपीट करने के बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी अभिनेता के खिलाफ पोक्सो और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मुंबई पुलिस ने पांड्या स्टोर से मशहूर हुए अभिनेता रोहित चंदेल (29) को गिरफ्तार किया है। उन पर एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का पीछा करने, मानसिक रूप से प्रताडि़त करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार, 10 जुलाई को अभिनेता को उनके दहिसर स्थित आवास से गिरफ्तार किया। रोहित के खिलाफ पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने दावा किया कि शिकायत नाबालिग के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसमें कहा गया था कि चंदेल पिछले कुछ समय से उसे उसके व्यक्तिगत फोन नंबर और कई अन्य नंबरों पर बार-बार फोन कर रहे थे, जिससे वह काफी परेशान (तनाव में) थी। शिकायत में ये भी कहा गया है कि 5 जुलाई को अभिनेता मुंबई के पूर्वी उपनगर में स्थित नाबालिग की आवासीय इमारत के पास उसके पास पहुंचे थे।
रिर्पोट के मुतरबिक, रोहित पर नाबालिग का पीछा करने, गाली-गलौज करने और हाथ से मारपीट करने का आरोप है। मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ पोक्सो एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) लागू की है। जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी और पीडि़ता घटना से पहले एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उनके बीच के रिश्ते के बारे में कोई और जानकारी साझा नहीं की है।
रोहित या उनकी टीम ने अभी तक इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों पर निर्भर करेगी। अभिनेता पर लगे आरोपों की अभी अदालत में पुष्टि होना बाकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की है कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की छानबीन की जा रही है।
रोहित ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत एक विज्ञापन फिल्म से की थी। साल 2014 में हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल से टीवी डेब्यू करने के बाद उन्होंने कई हिंदी धारावाहिकों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। साल 2022 में उन्होंने काशीबाई बाजीराव बल्लाल में मुख्य किरदार बाजीराव निभाया। साल 2023 से 2024 तक वो लोकप्रिय शो पांड्या स्टोर में धवल मकवाना के मुख्य किरदार में नजर आए। उन्हें आखिरी बार टीवी शो सैराब में देखा गया था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

