—- 525 करोड़ की सौगात, 800 करोड़ के पुल का ऐलान, योगी ने साधा विकास और राजनीति का निशाना।
कुशीनगर, 11 जुलाई (आरएनएस)। नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा का नारा देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर की धरती से विपक्ष पर तीखा हमला बोला। जनपद के रामकोला- हाटा विधानसभा क्षेत्र के टेकुआटार में आयोजित जनसभा में 525 करोड़ रुपये की 464 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश दंगों, अराजकता और विकासहीनता की पहचान था, जबकि आज प्रदेश सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए मॉडल के रूप में देश के सामने खड़ा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के पास न विकास की नीति थी और न ही जनता के हित में काम करने की नीयत। उनकी सोच ही विकास के प्रति लकवाग्रस्त थी, जिसके कारण प्रदेश वर्षों तक पिछड़ता रहा। आज उत्तर प्रदेश निवेश, उद्योग, कानून व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि एक समय त्योहारों का मतलब तनाव और दंगों का खतरा होता था। व्यापार बंद हो जाते थे और लोगों में भय का माहौल रहता था। लेकिन आज प्रदेश में कानून का राज है और हर वर्ग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग मंदिरों और धार्मिक संपत्तियों पर कब्जे की राजनीति करते रहे, वे आज अयोध्या, काशी और मथुरा पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था पर भाषण देने से पहले ऐसे लोगों को अपने अतीत को देखना चाहिए। पूर्वांचल में कभी कहर बरपाने वाली इंसेफेलाइटिस बीमारी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हजारों परिवार इस बीमारी से तबाह हो जाते थे। मुसहर बस्तियों में भूख और अभाव की खबरें सुर्खियां बनती थीं। आज सरकार ने स्वास्थ्य, पोषण और कल्याणकारी योजनाओं के जरिए हालात बदल दिए हैं।उन्होंने कहा कि अब गरीबों को आवास, मुफ्त राशन, बिजली, गैस कनेक्शन, स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इनसेट– कुशीनगर एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी नियमित उड़ानें– मुख्यमंत्री ने कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा शुरू होने की उम्मीद जताते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में संकट और विमान आपूर्ति में देरी के कारण कुछ बाधाएं आईं, लेकिन सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। जल्द ही कुशीनगर को गया और जेवर एयरपोर्ट से जोडऩे की दिशा में कदम बढ़ेंगे।
इनसेट– दियारा की तस्वीर बदलने को 800 करोड़ का पुल– नारायणी नदी के उस पार बसे दियारा क्षेत्र का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि दशकों से उपेक्षित इस इलाके को अब विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और डीपीआर तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री ने रामकोला और हाटा विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी कुल 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ कार्य किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

