राज्यकर विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर
व्यापारियों के लिए 50 लाख बीमा और पेंशन की उठी मांग
फतेहपुर ,11 जुलाई(आरएनएस)। राज्यकर विभाग के तत्वावधान में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में शनिवार को व्यापारियों व विभागीय अधिकारियों के बीच खुलकर संवाद हुआ। डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राज्यकर व्यवस्था को मजबूत बनाने, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और विभाग व व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार ने कहा कि राज्यकर व्यवस्था को सशक्त बनाने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी को ईमानदारी से कर प्रणाली से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। साथ ही विभागीय नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी रखने से व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान संवाद से ही संभव है। उन्होंने पंजीकृत व्यापारियों से समय-समय पर विभागीय अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने अपनी समस्याएं, सुझाव एवं शिकायतें संगठन के माध्यम से रखने की अपील की, ताकि उनका प्रभावी ढंग से निस्तारण कराया जा सके। बैठक में व्यापारियों ने राज्यकर विभाग में पंजीकृत सभी व्यापारियों के लिए 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा तथा पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस प्रस्ताव पर व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी सहमति व्यक्त की। कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मो. अंजुम, संरक्षक राजेंद्र गुप्ता, व्यापारी अविनाश तिवारी, पंकज दीक्षित, अंकित ओमर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

