फतेहपुर ,11 जुलाई(आरएनएस)। बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से शनिवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरोग्य भारती, दि होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में विशेष जागरूकता एवं औषधि वितरण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन, उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय बडऩपुर के 109, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बडऩपुर के 100, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के 130 तथा सरस्वती शिशु मंदिर खुशवक्तराय नगर के 40 बच्चों सहित कुल 379 विद्यार्थियों को बरसाती बीमारियों से बचाव एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होम्योपैथिक औषधि वितरित की गई। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बच्चों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए भोजन करने से पहले और शौच के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की आदत अपनाने की सलाह दी। साथ ही तंबाकू, गुटखा, सिगरेट और शराब जैसे नशीले पदार्थों से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर तथा शराब का अत्यधिक सेवन लीवर सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। उन्होंने बच्चों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरदीप, शशि देवी, पंकज मिश्र, शैलेंद्र त्रिपाठी, राजेश श्रीवास्तव तथा इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रमुख सहयोगी सुरेश कुमार श्रीवास्तव एवं प्रबंध समिति सदस्य अभिनव श्रीवास्तव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

