रायपुर 12 जुलाई (आरएनएस) महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट लगातार मैदान में सक्रिय है। शहर के स्कूल, कॉलेज, पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास, छात्रावास, उद्यान, बाजार, कॉलोनियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिदिन नियमित गश्त की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, अपराध की आशंका को शुरुआती स्तर पर रोकना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
गश्त के दौरान स्कूलों और कॉलेजों के आसपास अनावश्यक रूप से बैठे या छात्राओं को असहज करने वाले युवकों को तत्काल वहां से हटाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त समझाइश दी जाती है। इसके अलावा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने, अनावश्यक भीड़ लगाने तथा कानून व्यवस्था से जुड़े छोटे-छोटे उल्लंघनों पर भी मौके पर कार्रवाई की जाती है। कई मामलों में संबंधित लोगों को चेतावनी देने के साथ उठक-बैठक कराकर सामाजिक जिम्मेदारी का भी एहसास कराया जाता है।
पुलिस के अनुसार पिंक पेट्रोल यूनिट का मुख्य उद्देश्य छोटी-छोटी अवांछनीय गतिविधियों को समय रहते रोकना है, ताकि वे भविष्य में गंभीर अपराध का रूप न ले सकें। इसी रणनीति के तहत गलियों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि गश्त के दौरान कोई व्यक्ति गंभीर या संज्ञेय अपराध में संलिप्त मिलता है, तो उसे तत्काल संबंधित थाना भेजकर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाती है तथा आवश्यकता पड़ने पर अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जाती है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं, बच्चों अथवा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पिंक पेट्रोल यूनिट (9479210932) या पुलिस को दें। फिलहाल, शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पिंक पेट्रोल की सक्रिय निगरानी लगातार जारी है। पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से ही सुरक्षित, अपराधमुक्त और भयमुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

