मेरठ,12 जुलाई (आरएनएस )। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का दावा है कि फर्श पर पैर फिसलने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई, जबकि मायके वालों ने मारपीट और गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पति समेत अन्य ससुराल वाले मौके से फरार हैं।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमद नगर गली नंबर-2 निवासी शाहवेज से किदवई नगर की रहने वाली निदा उर्फ सोनी की छह वर्ष पहले शादी हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय बेटा हिमाद और तीन वर्षीय बेटी आतिका शामिल हैं। शाहवेज अपने पिता की टेलरिंग की दुकान पर काम करता है।
मायके पक्ष का आरोप है कि रविवार दोपहर शाहवेज ने फोन कर बताया कि निदा का पैर फिसल गया है और सिर में गंभीर चोट लगी है। परिजन जब ससुराल पहुंचे तो महिला का शव फर्श पर पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था। परिजनों का आरोप है कि महिला के हाथ-पैर पर चोट के निशान थे और गले पर भी दबाव के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।
हंगामे के बाद फरार हुए ससुराल वाले
घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष से जवाब मांगा और हंगामा हो गया। आरोप है कि इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस और सीओ कोतवाली संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार पति व अन्य ससुरालियों की तलाश शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पहुंचे सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद फोरेंसिक टीम, पुलिस टीम, थानापुलिस सभी मौके पर पहुंचे हैं। टीमें यहां पर जांच कर रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अन्य जानकारी की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

