बीजापुर, 12 जुलाई (आरएनएस)। बीजापुर जिले के पशुपालन विभाग में एक सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी (AVFO) के स्थानांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि विभागीय मंत्री के तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश के बावजूद संबंधित अधिकारी अब तक नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने नहीं गए हैं। मामले को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली और स्थानांतरण नीति पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी नरोत्तम समरथ का स्थानांतरण विभाग द्वारा जारी सूची में किया गया था। आरोप है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के कई माह बाद भी वे बीजापुर में ही पदस्थ हैं।
यह भी दावा किया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी का पूर्व में दो बार स्वयं के व्यय पर स्थानांतरण हुआ था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
मंत्री के निर्देश के पालन पर सवाल
रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र के पशुपालकों और ग्रामीणों की शिकायतों के बाद पशुपालन विभाग के मंत्री ने 22 जून 2026 को संबंधित अधिकारी को तत्काल कार्यमुक्त कर नई पदस्थापना स्थल भेजने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि निर्देश जारी होने के लगभग 20 दिन बाद भी इस पर अमल नहीं हुआ।
उपसंचालक की भूमिका पर उठे सवाल
मामले में बीजापुर के उपसंचालक डॉ. राजीव कुमार शर्मा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि मंत्री के निर्देश के बावजूद संबंधित अधिकारी को कार्यमुक्त नहीं किया गया, जिससे विभागीय आदेशों के पालन पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
फिलहाल इस संबंध में पशुपालन विभाग या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

