रुड़की,12 जुलाई (आरएनएस )। रविवार को दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर लिब्बरहेड़ी स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास पिकअप, कार और बाइक की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविवार को लिब्बरहेड़ी नायरा पेट्रोल पंप के पास तीन वाहनों पिकअप, कार और बाइक की आपस में भीषण टक्कर हो गई। त्रिकोणीय भिड़ंत में बाइक और कार सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरो से पुलिस को हाईवे पर एक्सीडेंट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रुड़की के सरकारी अस्पताल भिजवाया।
गंभीर रूप से घायल कृष्ण कांत सोनी (40) निवासी ग्राम वजीराबाद, दिल्ली को चिकित्सको ने अस्पताल लाते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि बाइक पर पीछे बैठे राकेश निवासी दिल्ली व कार चालक शिशपाल निवासी सरधना, मेरठ को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक कृष्ण कांत सोनी के शव को कब्जे में लेकर रुड़की अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
कार्यवाहक कोतवाल सुखपाल सिंह मान ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। दुर्घटना में तीनों वाहन पूरी तरह क्षतिगृस्त हो गए थे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने क्रेन को बुलाकर तीनों वाहनों को मौके से हटवाया और कोतवाली मंगलौर लाकर खड़ा किया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

