रुड़की,12 जुलाई (आरएनएस )। अंबर तालाब स्थित खन्ना ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये के जेवर चोरी के मामले में पुलिस अब बागपत जेल में बंद एक महिला समेत दो आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों की निशानदेही पर चोरी के अन्य जेवर भी बरामद हो सकते हैं। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी अंबर तालाब में विनोद खन्ना की खन्ना ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। पिछले माह चोरों ने दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।कुछ दिन बाद बागपत पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर बागपत और रुड़की की सर्राफा दुकानों में हुई चोरी का खुलासा किया था। इसके दो दिन बाद रुड़की पुलिस ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए कुछ जेवर बरामद किए थे।दो दिन पहले रुड़की पुलिस ने बागपत जेल में बंद आरोपी सुऐब को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर 700 ग्राम चांदी बरामद की थी। रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे फिर जेल भेज दिया गया। अब पुलिस बागपत जेल में बंद महिला और उसके सहयोगी का रिमांड लेने की तैयारी में है। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि कोर्ट से अनुमति मिलते ही दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

