बागेश्वर,12 जुलाई (आरएनएस )। त्याकोट गांव में लंबे समय से लंबित पैदल पुल निर्माण की दिशा में रविवार को अहम पहल हुई। विश्व बैंक परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रस्तावित पैदल पुल को लेकर गांव में सोशल ऑडिट कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से पुल निर्माण का समर्थन करते हुए आवश्यक दस्तावेजों पर अपनी सहमति प्रदान की। सोशल ऑडिट के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पुल नहीं होने से गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों को विद्यालय पहुंचने और मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए उफनती नदी पार करनी पड़ती है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।उनका कहना था कि पुल के अभाव में शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। मीणों ने क्षेत्रीय विधायक सुरेश गडिय़ा और जिला प्रशासन से मांग की कि सोशल ऑडिट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब बिना किसी देरी के पुल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिल सके। इस दौरान ग्राम प्रधान गणेश राठौर, कमल मेहरा, राजन सिंह मेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

